uk-press-club-function-

कमलकांत बुधकर के नाम से जाना जाएगा प्रेस क्लब सभागार

हरिद्वार, 17 फ़रवरी । प्रेस क्लब एवं भारतीय संवाद परिषद के संयुक्त तत्वाधान में प्रेस क्लब सभागार में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रेस क्लब की कार्यकारिणी की ओर से 1986 से 2025 तक के पूर्व अध्यक्षों के चित्र सभागार में स्थापित किए गए। लोकार्पण वरिष्ठ पत्रकार डॉ. शिवशंकर जायसवाल, कौशल सिखौला और गोपाल रावत ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम में प्रेस क्लब ने पत्रकारिता में अनुकरणीय योगदान देने वाले स्वर्गीय वरिष्ठ पत्रकार डॉ. कमलकांत बुधकर की स्मृति में सभागार का नामकरण ‘बुधकर भवन’ के रूप में करने का निर्णय भी लिया। प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महामंत्री दीपक मिश्रा ने कहा कि कमलकांत बुधकर के आदर्शों को याद रखते हुए पत्रकारिता के क्षेत्र में ईमानदारी और पेशेवर मूल्यों को आगे बढ़ाना सभी का कर्तव्य है।

वरिष्ठ पत्रकार डॉ. शिवशंकर जायसवाल और आदेश त्यागी ने प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्षों के चित्रों को सभागार में लगाने के निर्णय का स्वागत किया और इसे पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रेरणा स्रोत बताया।

इस अवसर पर कोषाध्यक्ष काशीराम सैनी, कौशल सिखौला, गोपाल रावत, रमेश खन्ना, रजनीकांत शुक्ला, सुभाष कपिल, बालकृष्ण शास्त्री, बृजेंद्र हर्ष, अविक्षित रमन, प्रदीप गर्ग, आदेश त्यागी, दीपक नौटियाल, संजय आर्य, अमित शर्मा और अमित गुप्ता सहित कई वरिष्ठ पत्रकार एवं क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम ने प्रेस क्लब के इतिहास और पत्रकारिता के प्रति सदस्यों की प्रतिबद्धता को पुनः प्रदर्शित किया और आगामी पीढ़ी के पत्रकारों के लिए प्रेरणादायक संदेश दिया।