उत्तरकाशी: डीएम ने एआरटीओ में अव्यवस्था पर लगाई फटकार
उत्तरकाशी, 16 फ़रवरी । जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सोमवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालय में गंदगी, फाइलों के रख-रखाव में लापरवाही और उपस्थिति पंजिका में खामियां पाई गईं,जिसके चलते जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
जिलाधिकारी ने कार्यालय के नवीन निर्माणाधीन भवन और ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक का भी निरीक्षण किया। कार्य पूरी तरह बंद होने पर डीएम ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की। साथ ही निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जनता से सीधे संवाद करते हुए ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य सेवाओं के लिए लगाए जा रहे शुल्क की जानकारी ली। उन्होंने चेतावनी दी कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी तय शुल्क से अधिक वसूली करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुवर्णा नौटियाल कार्यालय में अनुपस्थित पाई गईं,जिसके लिए डीएम ने फोन कर कारण जाना। अधिकारी ने शासकीय कार्य से देहरादून होने की जानकारी दी।इस दौरान एक नागरिक की ओर से चालान भरने में आ रही समस्या का संज्ञान लेते हुए, जिलाधिकारी ने मौके पर ही संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित कर समस्या का तत्काल समाधान कराया।
जिलाधिकारी ने कहा कि एआरटीओ कार्यालय जनता से सीधे जुड़ा विभाग है और यहां कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता अनिवार्य है। आज दिए गए निर्देशों का पालन न होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।









