case-filed-the-father-and-son

राजगढ़ः झगड़ा की मांग को लेकर गांव के सरपंच के गेहूं काटकर किया नुकसान, बाप-बेटा पर केस दर्ज

राजगढ़,15 फरवरी । शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र के ग्राम जेपला में रहने वाले 60 वर्षीय व्यक्ति ने सागोड़िया गांव के बाप-बेटा पर झगड़ा के तहत 25 लाख रुपए नही देने पर गांव के सरपंच के गेहूं काटकर नुकसान करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रविवार को आरोपित बाप- बेटा के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।

पुलिस के अनुसार ग्राम जेपला निवासी 60 वर्षीय राधेश्याम पुत्र जानकीलाल गुर्जर ने बताया कि चार-पांच साल पहले छोटे भाई की लड़की की सगाई सागोड़िया थाना चाचैड़ा निवासी भगवानसिंह के छोटे बेटे मांगू के साथ की थी, लड़के का पिता शराब पीता था, जिससे एक साल पहले सगाई तोड़ दी थी। इस पर सागोडियां गांव का भगवानसिंह और उसका बेटा हरीओम झगड़ा प्रथा के तहत 25 लाख रुपए की मांग करने लगे। रुपए नही देने पर उन्होंने गांव के सरपंच घनश्याम के खेत में खड़ी गेहूं की फसल को काटकर नुकसान कर दिया साथ ही एक चिठ्ठी मौके पर छोड़ गए। सरपंच के कहने पर जब उन्हें फोन लगाकर पूछा गया तो उन्होंने कहा कि झगड़ा के 25 लाख रुपए नही दिए तो आगे भी गांव में फसल काटकर नुकसान किया जाएगा। पुलिस ने मामले में भगवानसिंह गुर्जर और उसके बेटे हरीओम गुर्जर निवासी सागोड़िया थाना चाचैड़ा के खिलाफ धारा 308(5), 324(4), 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया।