दो बाइक की टक्कर में तीन युवकों की मौत, एक गंभीर
पाली, 14 फ़रवरी । जिले के फालना थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रानी-खीमेल रोड पर पवन वाटिका के पास हुआ।
एक बाइक पर अजय (21) पुत्र मदनलाल और अजय पुत्र मोडाराम निवासी रानी गांव फालना की ओर जा रहे थे। वहीं दूसरी बाइक पर प्रेमकुमार (27) पुत्र गणेशराम बावरी और श्रवण (30) पुत्र हजाराराम निवासी खीमेल रानी की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान दोनों बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर गाड़ियों के पुर्जे बिखर गए। चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देखकर मौके पर मौजूद रोहित पुत्र सोहनलाल निवासी रानी गांव बेहोश हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से रानी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रेमकुमार, श्रवण और अजय पुत्र मदनलाल को मृत घोषित कर दिया। मृतक अजय 12वीं कक्षा का छात्र बताया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल अजय पुत्र मोडाराम को प्राथमिक उपचार के बाद पाली के हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस ने तीनों शवों को रानी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।









