grp-arrested-one-accused

एंड्रॉयड मोबाइल नगद रुपये के साथ जीआरपी ने एक को किया गिरफ्तार

देवरिया, 14 फ़रवरी । जीआरपी पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों व आउटर क्षेत्रों में डंडा मारकर मोबाइल फोन व अन्य सामान लूट और चोरी करने वाले एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार कर अभियुक्त के पास से लूटा गया एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन एवं घटना में प्रयुक्त डंडा शुक्रवार की रात बरामद किया ।

पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सविरत्न गौतम ने आज बताया कि जीआरपी थाना देवरिया की टीम ने देवरिया सदर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2/3 के पूर्वी छोर पर बने साइन बोर्ड के नीचे ढाल से अभियुक्त जिशान अंसारी (20) पुत्र पीर मोहम्मद निवासी ब्लॉक नं. 17/1 कांशीराम आवास, मेहड़ापुरवा थाना कोतवाली जनपद देवरिया को गिरफ्तार किया गया ।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के पास से लगभग 12,000 रुपये मूल्य का एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ, जो स्थानीय थाने पर पंजीकृत मुकदमा बीएनएस से सम्बंधित है। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने 09 फरवरी को चलती ट्रेन संख्या 15027 मौर्या एक्सप्रेस के जनरल कोच में डंडा मारकर मोबाइल फोन लूटा था। वह पुनः इसी प्रकार की घटना को अंजाम देने की फिराक में स्टेशन पर आया था, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया। अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अभिषेक पाण्डेय, उपनिरीक्षक सौरभ सिंह तथा आरक्षी बृजेश कुमार राम, अनिल कुमार यादव एवं अविनाश यादव शामिल रहे ।