survey-homeless-families-

आवासहीन परिवारों का सर्वे जारी

जयपुर, 13 फ़रवरी । ग्रामीण विकास मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने शुक्रवार को विधानसभा में बताया कि राज्य सरकार द्वारा आवासहीन परिवारों की पहचान के लिए व्यापक सर्वे के आदेश जारी किए गए हैं। वर्ष 2024 में ‘आवास प्लस’ ऐप के माध्यम से राज्य के 28.78 लाख परिवारों का सर्वे अपलोड किया जा चुका है।

प्रश्नकाल के दौरान विधायक सुभाष मील के पूरक प्रश्न का जवाब देते हुए मंत्री ने बताया कि खंडेला विधानसभा क्षेत्र में कुल 893 परिवारों का सर्वे किया गया है। इनमें से 199 परिवारों ने स्वयं लाभार्थी के रूप में सर्वे अपलोड किया, जबकि 694 परिवारों का असिस्टेड सर्वे ग्राम पंचायत सर्वेयर द्वारा किया गया है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा नए पात्र परिवारों के संरक्षण के लिए एसओपी भी जारी की गई है।

मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत खंडेला विधानसभा क्षेत्र में वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2025-26 तक कुल 201 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 103 आवासों का निर्माण पूर्ण कर सभी किस्तों का भुगतान जारी किया जा चुका है, जबकि शेष 98 आवास निर्माणाधीन हैं। निर्धारित स्तर तक निर्माण पूर्ण होने के बाद लाभार्थियों को अगली किस्त जारी की जाएगी।

इससे पूर्व विधायक सुभाष मील के मूल प्रश्न के लिखित उत्तर में खंडेला क्षेत्र में स्वीकृत आवासों एवं किश्तों का ग्राम पंचायतवार विवरण सदन के पटल पर रखा गया। मंत्री ने कहा कि सरकार जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।