सौरभ भारद्वाज ने मंगोलपुरी पीड़ित परिवार से की मुलाकात, सरकार से मुआवजा की मांग
नई दिल्ली, 11 फरवरी । आम आदमी पार्टी (आआपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने मंगोलपुरी इलाके में हुई बच्चे की हत्या पर सरकार पर निशाना साधा और लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने बुधवार को सरकार से आरोपित को पकड़ने और पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये के मुआवजा की मांग की।
आआपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान सरकार से सवाल करते हुए कहा कि कब रुकेगा दिल्ली में चाकूबाजी का ये सिलसिला।
भारद्वाज ने कहा कि मंगोलपुरी इलाके में एक बच्चे की चाकू मारकर हत्या कर दी गई लेकिन पुलिस अभी तक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई। यहां तक कि स्थानीय विधायक भी अभी तक पीड़ित परिवार से मिलने नहीं आए। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को लेकर सरकार बिल्कुल गंभीर नहीं है। अपराधियों के हौसले दिन-प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं लेकिन सरकार इसपर कार्रवाई नहीं कर रही है।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ने कानून व्यवस्था पर सवाल करते हुए कहा कि दिल्ली में 24 घंटे में 6 लोगों की हत्या हो रही है, नाले में और गड्ढ़े में गिरकर घर के चिराग बुझ रहे हैं लेकिन सरकार किसी भी प्रकार का प्रभावी कदम नहीं उठा रही है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली दो हिस्सो में बंट गई है। एक दिल्ली वह है जहां आम लोग रहते हैं और दूसरी जहां पर मुख्यमंत्री रहती हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नाच-गा रही हैं, फीते काट रही हैं, छोले भटूरे खा रही हैं लेकिन दिल्ली की जनता की परेशानी को सरकार नहीं समझ रही।
भारद्वाज ने कहा कि जब किसी मां के साथ ऐसा हो तो वह शांत कैसे रह सकती है? उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता अब असुरक्षित महसूस कर रही है।









