गैस रिसाव से लगी आग, मजदूर की जलकर मौत
सीतापुर, 11 फ़रवरी । उप्र के सीतापुर में लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भवानीपुर में मंगलवार देर रात एक हृदयविदारक हादसा हो गया, जिसमें 51 वर्षीय रामनाथ पासी की जलकर मौत हो गई। रामनाथ पासी पुत्र स्वर्गीय ठाकुर प्रसाद मजदूरी कर अपना जीवन यापन करते थे और घर में अकेले रहते थे। बताया जा रहा है कि रात में खाना बनाने के बाद उन्होंने पांच किलो के छोटे गैस सिलेंडर को बंद कर दिया था और सोने चले गए थे। इसी दौरान अचानक सिलेंडर से गैस रिसाव हुआ और कुछ ही क्षणों में कमरे में भीषण आग भड़क उठी।
आग इतनी तेजी से फैली कि रामनाथ को संभलने या बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। स्थानीय लोगों ने धुआं और आग की लपटें देख पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली लहरपुर के प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को बुलाया गया। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक रामनाथ गंभीर रूप से झुलस चुके थे और उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। प्रथम दृष्टया घटना गैस रिसाव के कारण हुई प्रतीत हो रही है। फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।









