cksb-chairman-passes-away

सीकेएसबी के अध्यक्ष व भाजपा नेता लक्ष्मण सिंह खोर का निधन, रात में सोए, सुबह उठे ही नहीं

चित्तौड़गढ़, 10 फ़रवरी । चित्तौड़गढ़ केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष और भाजपा नेता 66 वर्षीय लक्ष्मणसिंह खोर का आज सुबह अचानक निधन हो गया। सुबह उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की जानकारी मिलने पर विधायक चन्द्रभानसिंह आक्या, पूर्व प्रधान प्रवीणसिंह सहित राजपूत समाज के पदाधिकारी और अन्य लोग चिकित्सालय पहुंचे।जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। बताया जाता है कि सोमवार रात वे घर पर रोज की तरह सोए लेकिन मंगलवार सुबह नहीं उठे तो परिजनों ने उन्हें जगाया। हलचल नहीं होने पर चिकित्सालय लाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया।

2015 से बैंक के चैयरमेन

लक्ष्मण सिंह खोर को केन्द्रीय सहकारी बैंक चित्तौड़गढ़ का 2015 में चैयरमेन बनाया गया। वे तब से इसी पद पर बने रहे। इससे पहले वे दो बार वाइस चैयरमेन भी रहे। सहकारिता के क्षेत्र में लम्बे समय से काम करने का उन्हें अनुभव था और वे पहली बार घटियावली ग्राम सेवा समिति के अध्यक्ष बने। इसके बाद से ही से लगातार बैंक के डायरेक्टर चुने जाते रहे। उनका जन्म 12 मार्च 1959 को हुआ था और वे खोर से वार्ड पंच चुने गए। सरल स्वभाव के लक्ष्मणसिंह लगातार लोगों से जुड़े रहे और एक बार उन्होंने जिला परिषद का चुनाव भी लड़ा।

भरा-पूरा परिवार छोड़ गये लक्ष्मण सिंह

लक्ष्मणसिंह पंचायत समिति चित्तौड़गढ़ के खोर गांव के निवासी होकर सावंतसिंह शक्तावत के पुत्र थे। उनके पीछे वे भरा-पूरा परिवार छोड़ गये है। उनका बड़ा बेटा रांची निवास करता है, जो कारोबार संभालता है। इसके अलावा उनके एक पुत्र और एक पुत्री है। रांची से उनके पुत्र के आने के बाद बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा