mp-peace-harmony-celebrate

शांति और सदभाव के साथ मनाएँ सभी त्यौहार: कलेक्टर रुचिका चौहान

ग्वालियर, 09 फरवरी । जिले में आपसी भाईचारा, शांति एवं सदभाव के साथ पारंपरिक ढंग से होली के साथ सभी त्यौहार मनाए जाएं। यह अपील मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले की कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिला शांति समिति की बैठक में जिलेवासियों से की है।

सोमवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित जिला शांति समिति की बैठक में महाशिवरात्रि, रमजान, होली, ईद-उल-फितर, रामनवमी, गुड़ी पड़वा, गुड फ्राइडे, चैती चाँद, हनुमान जयंती एवं बैसाखी त्यौहारों को ध्यान में रखकर चर्चा की गई। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, अपर कलेक्टर सीबी प्रसाद, एडिशनल एसपी सुमन गुर्जर, शहर के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, विभागीय अधिकारी सहित शांति समिति के सदस्य संत कृपाल सिंह, शहरकाजी सहित शांति समिति के सदस्य एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने कहा कि ग्वालियर जिले में सभी त्यौहार शांति और सदभाव के साथ मनाए जाते हैं। त्यौहारों के दृष्टिगत जिला शांति समिति की बैठक के साथ ही थाना स्तर पर भी बैठकों का आयोजन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि त्यौहारों के दौरान ही बच्चों की परीक्षायें संचालित रहेगीं। इसको ध्यान में रखकर ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित समय में धीमी गति के साथ किया जाए।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि सभी त्यौहारों पर मंदिर, मज्जिद, गिरिजाघर व गुरुद्वारों सहित अन्य पूजा घरों के आसपास साफ-सफाई आदि के पुख्ता प्रबंध किए जायेंगे। इसके साथ ही त्यौहारों के दौरान विद्युत कटौती न हो, इस पर भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जायेगा। होली के त्यौहार पर पर्याप्त जल प्रदाय हो यह भी सुनिश्चित किया जायेगा। सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा। बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। जिनको गंभीरता से सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।