शराब दुकान के अहाते में पहुंचा भालू, बाल-बाल बचा कर्मचारी
कांकेर, 08 फ़रवरी । जिले के नरहरपुर स्थित शराब दुकान के अहाते में एक वन्य प्रणी भालू घुस आया और उत्पात मचाया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस दौरान अहाते में सो रहे एक कर्मचारी की जान बाल-बाल बची।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बीती रात करीब 12:30 बजे की है। अहाते में एक कर्मचारी टेबल के पीछे सो रहा था, तभी अचानक भालू वहां आ गया। भालू ने अहाते में रखी मेजों पर तोड़-फोड़ शुरू कर दी। भालू को देखकर कर्मचारी डर गया और चुपचाप लेटा रहा। भालू तोड़फोड़ में व्यस्त था, जिससे उसकी नजर टेबल के पास सो रहे व्यक्ति पर नहीं पड़ी। खाने-पीने का सामान नहीं मिलने पर भालू कुछ देर बाद वहां से चला गया। भालू के जाने के बाद, डरा हुआ कर्मचारी टेबल के पीछे से सुरक्षित बाहर निकला। मामले की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि भालू की मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है, साथ ही लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।









