nss-camp-in-surajpur

सूरजपुर : कन्या महाविद्यालय सूरजपुर की छात्राओं ने राज्यस्तरीय एनएसएस शिविर में बढ़ाया मान

सूरजपुर, 07 फ़रवरी । शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय सूरजपुर के लिए यह गर्व का विषय है कि महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की छात्राएं उपासना गोयन एवं बिमला पैकरा ने छत्तीसगढ़ राज्यस्तरीय विशेष सात दिवसीय आवासीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर में सहभागिता कर संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा (अंबिकापुर) का प्रतिनिधित्व किया। यह शिविर बलौदा बाजार–भाटापारा में आयोजित किया गया, जिसमें राज्य के सभी विश्वविद्यालयों से चयनित स्वयंसेवकों ने भाग लिया।

शिविर के दौरान समाज सेवा एवं स्वयंसेवकों के सर्वांगीण विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें छात्राओं ने सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता निभाई। आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उपासना गोयन एवं बिमला पैकरा ने रुमाल झपट्टा प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान तथा तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर जिले एवं विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।

इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य बृजलाल साहू एवं एनएसएस इकाई की कार्यक्रम अधिकारी पूजांजली भगत ने छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।