उत्तरकाशी पुलिस ने निकाली ‘सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा’ रैली
उत्तरकाशी, 06 फरवरी । उत्तरकाशी पुलिस ने 36 वें सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत जिले में ‘सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा’ रैली आयोजित कर आम जनता को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति शुक्रवार को जागरूक किया।
रैली का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने किया। पुलिस लाइन ज्ञानसू से शुरू हुई रैली जिले के जोशियाडा, इन्द्रवती, तिलोथ, भटवाड़ी टैक्सी स्टैंड, मुख्य बाजार, सब्जी मंडी, बस अड्डा, ताम्बाखानी, गैसगोदाम होते हुए वापस पुलिस लाइन में समाप्त हुई। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने आमजन को नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने, शराब पीकर वाहन न चलाने, ओवरलोडिंग न करने, हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट का उपयोग और गति सीमा का पालन जैसे नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया। साथ ही सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद के लिए ‘गुड समेरिटन योजना’ की जानकारी दी।
रैली में लगभग 50 दोपहिया और 30 चारपहिया वाहन शामिल थे। इसमें उत्तरकाशी के विभिन्न पुलिस अधिकारी और कर्मी सक्रिय रूप से भाग लिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यातायात नियमों का पालन न केवल कानूनी दायित्व है बल्कि यह जीवन की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है, और सभी नागरिकों से सुरक्षित रहने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की।









