up-jounpur-khatouni-name-change-issue

जिलाधिकारी ने खताैनी में 13 साल पुराने नाम संशोधन प्रकरण का एक घंटे में कराया निस्तारण

जौनपुर, 30 जनवरी । उत्तर प्रदेश के जौनपुर में शुक्रवार को जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने 13 वर्षों से लंबित खताैनी में एक नाम संशोधन प्रकरण का मात्र एक घंटे में निस्तारण कर दिया। नकटुपुर, हवेली, सदर निवासी रवि शंकर पुत्र शिवबरन जनसुनवाई में उपस्थित हुए और प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया कि वर्ष 2012 में उनके पिता के निधन के बाद निर्विवाद वरासत के आधार पर राजेन्द्र प्रसाद, रविशंकर एवं अरविन्द कुमार पुत्र शिवबरन का नाम अभिलेखों में दर्ज हुआ था।

उन्होंने बताया कि उसी समय से कुछ खातों में उनके नाम रविशंकर के स्थान पर त्रुटिवश “शिव शंकर” दर्ज हो गया, जिसके कारण वे पिछले 13–14 वर्षों से नाम संशोधन के लिए परेशान थे। प्रकरण संज्ञान में आते ही जिलाधिकारी ने तहसीलदार सदर को तलब कर तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में तहसीलदार सदर ने मात्र एक घंटे के भीतर अभिलेखों में नाम की त्रुटि का सुधार करा दिया। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने जनसुनवाई कक्ष में ही रविशंकर को सही खतौनी उपलब्ध कराई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि जनसुनवाई के दौरान आम जनमानस की समस्याओं को सुनते हुए उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। ———-