अधिवक्ताओं ने न्यायिक व्यवस्थाओं में सुधार की मांग
नैनीताल, 27 जनवरी । नैनीताल में राजस्व न्यायालयों और विभिन्न प्राधिकरणों में व्याप्त अनियमितताओं के विरोध में अधिवक्ताओं ने मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं का कहना था कि पूर्व में दो बार जिलाधिकारी को पत्र सौंपे जाने के बावजूद व्यवस्थाओं में कोई सुधार नहीं हुआ और राजस्व न्यायालयों की स्थिति यथावत बनी हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्व न्यायालयों में बिना वैधानिक अधिकार वाले बाहरी व्यक्ति कार्य कर रहे हैं, अधिकारी निर्धारित समय पर न्यायालयों में नहीं बैठते, पत्रावलियों में क्रमांक अंकित नहीं किए जाते तथा पटवारी और कानूनगो समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं कर रहे हैं, जिससे वादकारियों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है। प्राधिकरण कार्यालयों में भी फाइलें अनावश्यक रूप से अटकाए जाने का आरोप लगाया गया और अधिवक्ताओं ने अपने सम्मान से किसी भी प्रकार के समझौते से इनकार किया।
धरने की सूचना पर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडेय धरना स्थल पर पहुंचे और अधिवक्ताओं का ज्ञापन लेकर जिलाधिकारी से वार्ता कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। बार एसोसिएशन के सचिव दीपक रुबाली ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो हल्द्वानी और रामनगर बार एसोसिएशन के साथ 11 फरवरी से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा, जिसके लिए लिखित समर्थन प्राप्त हो चुका है। धरना प्रदर्शन में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भगवत प्रसाद सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।









