बीबीएल: ग्लेन मैक्सवेल ने मेलबर्न स्टार्स के साथ दो साल का नया करार किया
मेलबर्न, 27 जनवरी । ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने बिग बैश लीग (बीबीएल) की फ्रेंचाइज़ी मेलबर्न स्टार्स के साथ अगले दो वर्षों के लिए दोबारा करार कर लिया है। क्लब ने मंगलवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की।
बीबीएल के दूसरे सीजन से मेलबर्न स्टार्स से जुड़े मैक्सवेल अब तक टीम के लिए 123 मुकाबले खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 3,193 रन बनाए हैं। हरे रंग की जर्सी में उनका योगदान उन्हें लीग के सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में शामिल करता है। मैक्सवेल बीबीएल इतिहास के तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं।
हालांकि हालिया सीजन मैक्सवेल के लिए निराशाजनक रहा, जहां उन्होंने आठ पारियों में सिर्फ 76 रन बनाए और दो विकेट ही हासिल कर सके। 37 वर्षीय मैक्सवेल का बीबीएल 15 के बाद कॉन्ट्रैक्ट खत्म हो गया था लेकिन उन्होंने स्टार्स के साथ बने रहने का फैसला आसान बताया।
मैक्सवेल ने कहा, “मेलबर्न स्टार्स मेरे क्रिकेट करियर का बड़ा हिस्सा रहा है और मैं इस टीम की सफलता को लेकर बेहद जुनूनी हूं। मुझे लगता है कि मौजूदा टीम कुछ खास बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है और आने वाले दो सीजन में हम खिताब के प्रबल दावेदार होंगे।”
मेलबर्न स्टार्स के टी20 हाई परफॉर्मेंस मैनेजर क्लिंट मैके ने कहा, “हम बीबीएल 16 के लिए अपनी टीम के संयोजन से काफी खुश हैं। इस सीजन टीम ने अहम प्रगति की है और ग्लेन जैसे अनुभवी खिलाड़ी का हमारे साथ बने रहना बेहद मूल्यवान है। वह लंबे समय से दुनिया के सर्वश्रेष्ठ टी20 खिलाड़ियों में से एक रहे हैं।”
स्टार्स ने युवा बल्लेबाज कैंपबेल केलअवे का कॉन्ट्रैक्ट भी दो साल के लिए बढ़ा दिया है। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने इस सीजन सभी 11 मुकाबले खेले और भविष्य की झलक दिखाई।
मैक्सवेल ने कहा, “कैंपबेल को साइन करना भी उतना ही अहम था क्योंकि वह टॉप ऑर्डर में स्थिरता लाते हैं। इस सीजन उन्होंने खुद को साबित किया है और हमें भरोसा है कि आने वाले वर्षों में वह टीम के लिए खूब रन बनाएंगे।”
इसके अलावा 20 वर्षीय ऑलराउंडर ऑस्टिन एंज़लजार्क ने भी स्टार्स के साथ एक साल का अतिरिक्त करार किया है।
गौरतलब है कि बीबीएल प्लेयर मूवमेंट विंडो 28 जनवरी से 5 फरवरी तक खुली रहेगी, जिसके दौरान क्लब खिलाड़ी ट्रेड कर सकेंगे और योग्य फ्री एजेंट्स से अनुबंध कर पाएंगे।
————









