rajasthan-weather-update

आठ शहराें का रात का पारा 5 से नीचे, लूणकरणसर की रात सबसे सर्द

जयपुर, 24 जनवरी । प्रदेश के आठ शहराें का रात का पारा 5 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। 0.03 डिग्री के साथ लूणकरणसर की रात सबसे सर्द रही। प्रदेश के सभी शहराें के पारे में गिरावट दर्ज की गई। आगामी दिनाें में पारे में ज्यादा उतार-चढ़ाव की संभावना कम है। 26 जनवरी काे नया पश्चिम विक्षाेभ सक्रिय हाेने से बारिश हाेने की संभावना है।

माैसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पिछले 24 घंटों में उत्तरी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री व अधिकतम तापमान में 3-9 डिग्री तक गिरावट दर्ज हुई है। उत्तरी हवाओं के प्रभाव से आगामी 48 घंटे तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होने व शेखावाटी भागों व उत्तर-पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं शीतलहर चलने की संभावना है।

एक और नया पश्चिमी विक्षोभ 26-27 जनवरी को सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से राज्य के पश्चिमी व उत्तरी भागों में 26 जनवरी को दोपहर बाद कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।

27 जनवरी को तंत्र का सर्वाधिक असर रहने तथा बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, जोधपुर, कोटा अजमेर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की प्रबल संभावना है।