sports-wrestling-haryana-wpl

प्रो रेसलिंग लीग: वापसी को लेकर आश्वस्त हरियाणा थंडर्स

नोएडा, 24 जनवरी । नोएडा इंडोर स्टेडियम में चल रही प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्लूएल) 2026 में महाराष्ट्र केसरी के खिलाफ बेहद करीबी मुकाबले में 4–5 से मिली हार के बावजूद हरियाणा थंडर्स के मालिकों ने भरोसा जताया है कि टीम टूर्नामेंट के शेष मुकाबलों में दमदार वापसी करेगी।

फ्रेंचाइजी प्रबंधन ने पहलवानों के जुझारू प्रदर्शन की जमकर करते हुए कहा कि टीम ने आखिरी बाउट और अंतिम क्षण तक संघर्ष किया, लेकिन परिणाम उनके पक्ष में नहीं रहे पर कोई बात नहीं, ऐसा होता है।

मैच के बाद हरियाणा थंडर्स की मालकिन प्रेरणा बांका ने टीम के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा, “हमारे खिलाड़ियों ने अंतिम मिनट तक संघर्ष किया। हमारे पास बेहद मजबूत खिलाड़ी हैं, बस यह हमारा खराब दिन था। हमने खिलाड़ियों से कहा है कि उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया, कभी-कभी करीबी हार भी टीम के लिए जरूरी होती है, ताकि वह जमीन पर ही रहें और जीत की भूख और बढ़ सकें।”

चर्चा को आगे बढ़ाते टीम की मालकिन ईशा गुप्ता ने कहा, “नतीजा टीम की मेहनत और प्रतिबद्धता को नहीं दर्शाता। हमारे खिलाड़ियों ने अंत तक कड़ी लड़ाई लड़ी, लेकिन यह उन दिनों में से एक था जब चीजें हमारे पक्ष में नहीं रहीं। खिलाड़ी स्वाभाविक रूप से थोड़े निराश थे, क्योंकि हम आमतौर पर अपने मुकाबले जीतने के आदी हैं, खासकर हमारी महिला पहलवान। हालांकि, यह मुकाबला टीम को और मजबूत बनाएगा और हमने खिलाड़ियों से इसे एक अपवाद की तरह लेने को कहा है।”

टीम की एक और मालकिन श्रेया परसरामपुरिया ने भी हरियाणा थंडर्स के जुझारूपन और कभी हार न मानने वाले जज्बे पर कहा, “टीम ने आखिरी मिनट तक संघर्ष किया और कभी हार नहीं मानी। जीत और हार खेल का हिस्सा है। हमें पूरा भरोसा है कि हरियाणा थंडर्स मजबूती के साथ वापसी करेगा।”

तीन मैचों में दो जीत के साथ हरियाणा थंडर्स फिलहाल अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है और फ्रेंचाइज़ी को पूरा विश्वास है कि प्रो रेसलिंग लीग 2026 के आगे बढ़ने के साथ टीम जल्द ही अपनी लय दोबारा हासिल कर लेगी।