पुलिस मुठभेड़ में चेन स्नैचर घायल, दो फरार
कानपुर, 22 जनवरी । उत्तर प्रदेश के कानपुर में रावतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बीती आठ जनवरी को सीबीसीआईडी से सेवानिवृत्त महिला दरोगा और डिप्टी जेलर की पत्नी से चेन लूट की करने वाले शातिर अपराधी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पैर पर गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया है। अंधेरे का फायदा उठाकर उसके दो साथी मौके से फरार हो गए हैं। जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने गुरुवार को बताया कि देर रात समय मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि एक बाइक पर सवार होकर तीन शातिर इलाके में देखे गए हैं। वह किसी घटना को अंजाम दे सकते हैं जिन्हें पकड़ने के लिए थाने की पुलिस और क्राइम ब्रांच में जाल बिछाते हुए चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दिए। जब उन्हें रोका गया तो शातिरों ने पुलिस टीम पर ही फायर झोंक दिया। जवाबी फायरिंग में उसके एक साथी के पैर पर गोली लगी। अंधेरे का फायदा उठाकर उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
पूछताछ में शातिर ने अपना नाम नियाज़ अहमद बताया। उसने स्वीकार किया कि वह रावतपुर क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की घटना में शामिल था। उसके साथ एक व्यक्ति का नाम विजय है, जबकि तीसरे का नाम वह नहीं जानता। तीनों ही जनपद शामली के रहने वाले हैं।
घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया है। उसके विरुद्ध विभिन्न जनपदों एवं थानों में 20 से अधिक आपराधिक मुकदमे पंजीकृत हैं।
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से लगभग चार हजार पाँच सौ रुपये नगद बरामद किए हैं। अभियुक्त से आगे की पूछताछ की जा रही है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।









