बरेली में सपा पार्षद के भाई पर महिला बीएलओ काे गाली और धमकी देने का आरोप लगा
बरेली, 20 जनवरी । विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के दौरान ड्यूटी कर रही महिला बीएलओ से अभद्रता और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पीड़ित शिक्षिका ने मंगलवार काे मौलाना तौकीर के करीबी सपा पार्षद ओमान रजा के भाई बरकत रजा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद से शिक्षिका दहशत में हैं और सुरक्षा की मांग कर रही हैं।
इज्जतनगर क्षेत्र के आकांक्षा एनक्लेव निवासी रीना देवी, जो बानखाना स्कूल में शिक्षिका हैं। 18 जनवरी को गुलाब राय इंटर कॉलेज स्थित बूथ संख्या 22 पर बीएलओ ड्यूटी कर रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान बरकत रजा वहां पहुंचे और मतदाता सूची की मांग करने लगे। जब शिक्षिका ने सूची दूसरे बीएलओ के पास होने की बात कही तो वह भड़क गए। खुद को पार्षद का भाई बताते हुए आरोपित ने गाली-गलौज शुरू कर दी। उन्हें भाजपा का एजेंट तक कह डाला। आरोप है कि जाते-जाते उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी थी।









