jh-baba-amreshwar-dham-m

बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति की आम सभा में लिए गए कई निर्णय

बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति की आम सभा रविवार को समिति के अध्यक्ष लाल ज्ञानेंद्र नाथ शाहदेव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। सभा की शुरुआत में विगत बैठक की कार्यवाही को उपस्थित सभी सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से संपुष्टि प्रदान की गई।

बैठक में 26 जनवरी को धूमधाम से गणतंत्र दिवस मनाने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर समिति के महामंत्री द्वारा पूर्वाह्न 11 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा।

महाशिवरात्रि पर्व को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। निर्णयानुसार महाशिवरात्रि के पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण की जाएंगी। पर्व के दिन प्रातः 8 बजे से कीर्तन प्रारंभ होगा, जो लगातार 12 घंटे तक चलेगा। दोपहर पूर्व प्रसाद वितरण शुरू किया जाएगा, जो दोपहर बाद तक जारी रहेगा। महाशिवरात्रि के अवसर पर होने वाली चार प्रहर की पूजा धूमधाम से संपन्न होगी, जिसमें प्रथम प्रहर की पूजा समिति द्वारा तथा शेष तीन प्रहर की पूजा जजमानों द्वारा संपन्न की जाएगी।

बैठक में हिन्दू नववर्ष को भी बृहद स्तर पर मनाने का निर्णय लिया गया। इसके अंतर्गत सुबह पूजा-पाठ एवं संध्या समय जागरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त झारखंड राज्य हिन्दू धार्मिक न्यास बोर्ड से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि बोर्ड के अनुमोदन के पश्चात नई कार्यकारिणी को दिनांक 21 सितंबर 2025 से प्रभावी माना जाएगा।

बैठक में यह भी सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि भविष्य में होने वाले सभी धार्मिक आयोजनों एवं पूजाओं को पूर्ण भव्यता एवं धूमधाम से संपन्न किया जाएगा।

बैठक में समिति के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।