national-startup-day-national

राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस: स्टार्टअप्स एवं युवा नवाचारों के कार्यक्रम एवं प्रदर्शनी का आयोजन आज

जयपुर, 16 जनवरी । उच्च शिक्षा विभाग द्वारा पीएम उषा कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस का आयोजन आज 16 जनवरी को माधव ऑडिटोरियम, शिक्षा संकुल में किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा होंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं एवं शैक्षणिक संस्थानों को स्टार्टअप एवं नवाचार संस्कृति से जोड़ना है।

उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. अरुण कुमार ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि रूसा 2.0 के तहत प्रदेश में स्थापित इनोवेशन एवं इनक्यूबेशन सेंटर्स से जुड़े स्टार्टअप्स इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। साथ ही इन केंद्रों में विकसित स्टार्टअप्स द्वारा अपने नवाचार उत्पादों एवं सेवाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य स्तर पर चयनित स्टार्टअप्स द्वारा अपने स्टार्टअप सफर नवाचारों एवं सफलता की कहानियों की प्रस्तुति भी दी जाएगी। साथ ही एक स्टार्टअप प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पीएम उषा योजना के अंतर्गत विकसित विभिन्न नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कॉलेज स्तर के विद्यार्थियों एवं शिक्षाविदों को स्टार्टअप प्रारंभ करने के लिए प्रेरित करना, कौशल विकास, नवाचार आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देना तथा युवाओं को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। यह आमजन राजस्थान में स्टार्टअप इंफोसिस्टम को मजबूत करने और उच्च शिक्षा संस्थानों का नवाचार के केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।