दो कारों की भिड़ंत, बुजुर्ग की मौत, आठ घायल
जोधपुर, 12 दिसम्बर । राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 125 पर आज सेतरावा के पास बावकान तालाब के निकट दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। टक्कर के बाद एक कार के अगले हिस्से में आग लग गई।
जानकारी के अनुसार एक कार में सवार परिवार रामदेवरा दर्शन कर राजसमंद लौट रहा था। इसी दौरान बावकान तालाब के पास सामने से आ रही अल्टो कार से उसकी टक्कर हो गई। अल्टो कार जोधपुर से चांधन जा रही थी। अल्टो कार में सवार जैसलमेर के चांधन निवासी साठ वर्षीय सगताराम कुमावत पुत्र मुल्तानाराम की मौके पर ही मौत हो गई। इसी कार में सवार उनके पुत्र हरीश उर्फ हरिराम (45), पोते सोनू (16) और कनोई, जैसलमेर निवासी दोहिता दिनेश (30) पुत्र गणपतराम घायल हो गए। दूसरी कार में रामदेवरा से लौट रहे परिवार के सदस्य प्रदीप (35) पुत्र कालूराम, कालूराम (62), लक्ष्मी (60), अनुराग, आदित्य और गायत्री घायल हो गए। इनमें से प्रदीप, कालूराम, लक्ष्मी और अनुराग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस और ग्रामीणों की मदद से सेतरावा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया गया। टक्कर के बाद कार में लगी आग को ग्रामीणों और पुलिस ने रेत व पानी डालकर बुझाया।









