ग्वालियरः जनसुनवाई में 91 आवेदकों की हुई सुनवाई, कलेक्टर ने अपने कक्ष में बुलाकर सुनीं समस्याएं
जन-सुनवाई में प्राप्त हुए 91 आवेदनों में से 43 आवेदन दर्ज किए गए। शेष 48 आवेदन सीधे ही संबंधित अधिकारियों को निराकरण के लिये दिए गए। हर बार की तरह इस बार की जन-सुनवाई में भी जरूरतमंदों के नि:शुल्क इलाज का इंतजाम कराया गया। साथ ही जमीन संबंधी समस्याओं को जल्द से जल्द निराकृत करने के लिये संबंधित एसडीएम व तहसीलदारों को निर्देशित किया गया। जन-सुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, संयुक्त कलेक्टर सुरेश कुमार बरहादिया व विनोद सिंह व डिप्टी कलेक्टर मनीषा कौल सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने भी जन सामान्य की समस्यायें सुनीं और उनके आवेदनों के निराकरण की रूपरेखा तय की।
भोपाल में अधिकारियों ने सुनी आवेदकों की समस्याएं, जनसुनवाई में 113 आवेदन प्राप्त हुए
इधर, राजधानी भोपाल में कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के निर्देशन में एडीएम अंकुर मेश्राम व प्रकाश नायक ने मंगलवार को जिले से जनसुनवाई में आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान अनेक समस्याओं का निराकरण मौके पर ही किया गया। जनसुनवाई में आए नागरिकों से 113 आवेदन प्राप्त हुए। इस मौके पर एसडीएम एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। एडीएम मेश्राम व नायक ने जनसुनवाई में आए हर एक आवेदक से धैर्यपूर्वक उनकी समस्याओं पर चर्चा की और उन्हें उनके शीघ्र निराकरण का आश्वासन भी दिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को नागरिकों से प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशील रूख अपनाते हुए निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवेदकों की समस्याओं पर संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों को कार्यवाही करने के निर्देश दिए।









