major-action---illegal-paddy-transportation

बलरामपुर : अवैध धान परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, संयुक्त टीम की सतत निगरानी में तीन जगहों से 192 बोरी धान जब्त

वाड्रफनगर क्षेत्र के अंतर्गत बलंगी में एक पिकअप वाहन को संदिग्ध हालत में रोककर जांच की गई। जांच के दौरान वाहन में करीब 40 बोरी अवैध धान लोड पाया गया। मौके पर ही धान को जब्त कर वाहन सहित थाना बलंगी को सुपुर्द किया गया। इसी प्रकार कुसमी अनुभाग के ग्राम इद्रीकला में संस्कृत गुप्ता के घर में अवैध रूप से रखा गया 32 बोरी धान जब्त किया गया। टीम द्वारा घर की तलाशी के दौरान भंडारित धान मिलने पर तत्काल कार्रवाई की गई।

रामानुजगंज अनुभाग में भी बड़ी कार्रवाई करते हुए तालकेश्वरपुर के जंगल में धान से भरा एक ट्रैक्टर पकड़ा गया। ट्रैक्टर में लगभग 120 बोरी अवैध धान लोड था, जिसे मौके पर ही रोककर जब्त कर लिया गया। प्रशासन ने साफ किया है कि समर्थन मूल्य पर खरीदी के दौरान किसी भी प्रकार के अवैध परिवहन और भंडारण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले की सभी सीमाओं पर निगरानी बढ़ा दी गई है और ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।