126-cadets-to-become-army-officers,-receive-degree

भारतीस सैन्य अकादमी के 71 कैडेट को मिलेगा सेना में अधिकारी बनने का मौका

भारतीय सैन्य अकादमी के समारोह में लेफ्टिनेंट जनरल नागेंद्र सिंह, एवीएसएम, वाईएसएम, एसएम, कमांडेंट ने आर्मी कैडेट कॉलेज विंग के 126वें कोर्स के विज्ञान संकाय के 30 कैडेटों और मानविकी संकाय के 41 कैडेटों को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू), नई दिल्ली से संबद्ध स्नातक उपाधियां प्रदान की। इन कैडेटों को सेना में अधिकारी बनने का मौका मिलेगा। इस कार्यक्रम में छात्रों के माता-पिता, संकाय सदस्य और वरिष्ठ सैन्य अधिकारी उपस्थित थे।

इस मौके पर लेफ्टिनेंट जनरल नागेंद्र सिंह ने कैडेट्स को प्रशिक्षण पूरा करने पर बधाई दी और उनके करियर में इस मील के पत्थर के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि चरित्र, अनुशासन, साहस, प्रेरणा, सकारात्मक मानसिकता और पेशेवर क्षमता प्रभावी सैन्य नेतृत्व के आवश्यक आधार हैं। उन्होंने पाठ्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को कैडेट्स को पदक भी प्रदान किए। सीओएएस स्वर्ण पदक विंग कैडेट कैप्टन हरि केशर वागले, सीओएएस रजत पदक विंग कैडेट क्वार्टर मास्टर सागर उप्पल व सीओएएस कांस्य पदक से विंग कैडेट एडजुटेंट कुलविंदर को सम्मानित किया। इसी तरह सेवा विषयों में प्रथम कंपनी कैडेट कैप्टन भव्या चौहान, मानविकी स्ट्रीम में प्रथमविंग कैडेट कैप्टन हरि केशर वागले व विज्ञान स्ट्रीम में प्रथम विंग कैडेट क्वार्टर मास्टर सागर उप्पल को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आर्मी कैडेट कॉलेज की चैंपियन कंपनी घोषित कारगिल कंपनी को कमांडेंट बैनर प्रदान किया गया। यह बैनर खेल, शारीरिक प्रशिक्षण, शिविर, हथियार प्रशिक्षण, शिक्षा, वाद-विवाद, सेवा विषयों और आंतरिक अर्थव्यवस्था सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता को मान्यता देता है।