gurugram-man-duped-of-rs-12-lakh-in-the-name-of-ho

गुरुग्राम: विदेश में होटल बुकिंग व एयर टिकट के नाम पर 12 लाख ठगे

-सेक्टर-53 पुलिस थाना की ओर से की गई कार्रवाई

गुरुग्राम, 2 दिसंबर । विदेशों में घूमने का शौक रखने वालों के लिए होटल बुकिंग व एयर टिकट बुक करने के नाम पर ग्राहक से 12 लाख रुपये लेकर भी उन्हें सर्विस, सुविधा उपलब्ध नहीं कराई। पीडि़त व्यक्ति ने अपने साथ हुई ठगी की शिकायत पुलिस से की। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार 10 नवंबर 2025 को एक व्यक्ति ने पुलिस थाना सेक्टर-53 गुरुग्राम की पुलिस टीम को एक लिखित शिकायत दी। शिकायत में कहा कि उसने अपनी पत्नी के साथ विदेश (स्विट्जरलैण्ड) में घूमने का प्लान बनाया। इसके लिए उसने द वॉयेज कंपनी (एयर टिकट व होटल रूम बुकिंग सर्विस प्रोवाइडर) के माध्यम से विदेश (स्विजटलेंड) की होटल व एयर टिकट करवाई थी। उनके स्विट्जरलैण्ड पहुंचने पर उन्हें बताए गए होटल में ठहरने व एयर टिकट की सुविधा नहीं मिली। उनके साथ वॉयेज कंपनी द्वारा विदेश में घूमने के लिए होटल बुकिंग व एयर टिकट के नाम पर ठगी की गई। इस शिकायत पर पुलिस थाना सेक्टर-53 गुरुग्राम में केस दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए एक आरोपी को मंगलवार को सेक्टर-53 गुरुग्राम से काबू करने में सफलता हासिल की। जिसकी पहचान संदीप चौधरी (उम्र-62 वर्ष, शिक्षा बी.कॉम) निवासी सेक्टर-53 गुरुग्राम के रुप में हुई। आरोपी से पुलिस पूछताछ में पता चला कि वह द वॉयेज कंपनी का मालिक/प्रोप्राइटर है। उसकी कंपनी विदेशों में होटल रूम व एयर टिकट उपलब्ध करवाती है। शिकायतकर्ता को विदेश (स्विट्जरलैंड) की टिकट बुक करवाई थी। वहां ठहरने के लिए होटल कमरे उपलब्ध करवाए थे, परंतु आरोपी ने अधिक मुनाफा कमाने इरादे से 12 लाख रुपए लेने के बाद भी उन्हें पूरी तरह सर्विस उपलब्ध कराई। आरोपी ने यह भी बताया कि उसके ऊपर कर्जा होने की वजह से शिकायकर्ता के साथ उसने धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस टीम द्वारा आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।