रायपुर : शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने नवा रायपुर निवास में सुना प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ का 128वां एपिसोड
यादव ने कहा कि, आज के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा देश के विभिन्न क्षेत्रों में हुई उपलब्धियों का उल्लेख प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरक है। प्रधानमंत्री ने खाद्यान्न उत्पादन में रिकॉर्ड बढ़ोतरी, शहद प्रसंस्करण की उन्नत विधियां एवं उत्पादन वृद्धि, नौसेना सशक्तिकरण और नेवल म्यूज़ियम,नेचर फॉर्मिंग का महत्व, सऊदी अरब में पहली बार सार्वजनिक मंच पर गीता वाचन, लातविया व अन्य देशों में भव्य गीता महोत्सव,—जैसे विषयों पर देश को गौरवान्वित करने वाली महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का दूरदर्शी नेतृत्व देश को आत्मनिर्भरता, नवाचार और सतत विकास की ओर अग्रसर कर रहा है।
कार्यक्रम के बाद लोगों के साथ चर्चा करते हुए यादव ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश का हर वर्ग
किसान, युवा, महिला, वैज्ञानिक और खिलाड़ी—सुख, समृद्धि और विश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत को विश्व समुदाय में अग्रणी बनाने के लिए हर नागरिक को ‘वोकल फॉर लोकल’, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण और गुणवत्ता आधारित विकास को अपनाना होगा।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि, ‘मन की बात’ केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र की सामूहिक चेतना का उत्सव बन चुका है। यह देश की सकारात्मक कहानियों, श्रेष्ठ प्रयासों और जमीनी नवाचारों को राष्ट्रीय पहचान दिलाता है। यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, उनके प्रेरणादायी विचार आज के भारत के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री के संदेशों को आम जनता तक पहुँचाएँ और राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएँ।









