गांवों में सचिवालय से लेकर सीवरेज तक सभी कार्य तय समय सीमा में पूर्ण हों: मनाेहर लाल
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि मतलौडा, नौल्था, बराना, आसन, बापौली और चुकलाना गांव में ग्राम सचिवालय, पार्क एवं योगशाला, शिवधाम का विकास, फिरने की सड़कें व नाले, स्कूलों की स्थिति, स्ट्रीट लाइट, तालाब, सीवरेज सिस्टम और लाइब्रेरी जैसे महत्वपूर्ण कार्य जारी हैं। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं ग्रामीण उन्नति की रीढ़ हैं और इन्हें सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। उन्होंने चंडीगढ़ मुख्यालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों से भी सीधी बातचीत की और निर्देश दिया कि सभी विकास कार्य निश्चित समय सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण हों।
केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि इन परियोजनाओं की निगरानी के लिए सक्षम और जिम्मेदार व्यक्तियों की एक कमेटी बनाई गई है, जो जमीनी स्तर पर प्रगति पर नजर रख रही है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छह गांवों का यह उनका दूसरा दौरा है। पहले दौर में दिए गए निर्देशों के बाद अब दूसरी समीक्षा की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की देरी न हो। इस बैठक में हरियाणा के पंचायत एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि हमारे विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव को विकसित, सुविधासंपन्न और आत्मनिर्भर बनाना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल जी के मार्गदर्शन में चल रही ये योजनाएँ ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता को नई ऊंचाई देंगी। सभी विभाग समन्वय के साथ तेज़ी से काम कर रहे हैं और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि हर वादा धरातल पर दिखाई दे। इस मौके पर पूर्व करनाल लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद संजय भाटिया, केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, सीईओ डॉ. किरण सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।









