शताब्दी समारोह-2026 में शामिल होंगे 25 देशों के प्रतिनिधि
यह शताब्दी वर्ष माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी, सिद्ध अखंड दीप के प्राकट्य तथा गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य की साधना के 100 वर्ष की त्रिवेणी के रूप में मनाया जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर के लिए बैरागी द्वीप पर अस्थायी नगर तैयार किया जा रहा है, जिसमें सात नगरों का निर्माण किया जाएगा।
शुक्रवार को शांतिकुंज अधिष्ठात्री शैल दीदी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ साधना कक्ष का पूजन किया और निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया। इस अवसर पर गायत्री परिवार की अभिभाविका श्रद्धेया शैलदीदी ने कहा कि यह निर्माण मात्र ईंट-पत्थरों का कार्य नहीं, बल्कि युगऋषि पूज्य आचार्यश्री के विचार क्रांति अभियान को साकार करने का महायज्ञ है।
इस अवसर पर देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के 1000 से अधिक विद्यार्थी, शांतिकुंज कार्यकर्ता तथा विभिन्न क्षेत्रों से आए अतिथियों ने श्रम यज्ञ में भाग लेकर पसीना बहाया। शताब्दी समारोह के समन्वयक श्री श्याम बिहारी दुबे ने बताया कि पांच दिवसीय आयोजन में देश-विदेश की प्रतिष्ठित हस्तियां, केंद्रीय मंत्री, कई राज्यों के मुख्यमंत्री आदि शामिल होंगे।
इस दौरान देवसंस्कृति विवि के प्रतिकुलपति डॉ चिन्मय पण्ड्या, शांतिकुंज महिला की प्रमुख श्रीमती शैफाली पण्ड्या, व्यवस्थापक श्री योगेन्द्र गिरि सहित अनेकानेक साधक, स्वयंसेवक उपस्थित रहे।









