level-and-the-upcoming-programs

भाजपा समीरपुर मंडल के भरेड़ी सेक्टर की बैठक सम्पन्न

बैठक में पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान, भाजपा मंडल समीरपुर के प्रभारी तथा जिला उपाध्यक्ष चमन ठाकुर भी शामिल रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में मंडल अध्यक्ष अभयवीर सिंह लवली ने सभी आगंतुक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से प्राप्त सभी कार्य को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 4 तारीख को होने वाली रैली के लिए तैयारियाँ पूरी गति पर हैं तथा समीरपुर मंडल से लगभग ढाई सौ कार्यकर्ता धर्मशाला के लिए प्रस्थान करेंगे।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष चमन ठाकुर ने बूथ स्तर पर किए जाने वाले कार्यों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी विस्तार से साझा की। उन्होंने मंडल अध्यक्ष एवं कार्यकर्ताओं को बूथ अध्यक्ष, बूथ पालक, ग्राम केंद्र अध्यक्ष एवं ग्राम केंद्र प्रभारी की नियुक्ति समय पर पूर्ण करने के लिए बधाई दी और कहा कि भविष्य में संगठन द्वारा दिए जाने वाले सभी कार्य भी समय के भीतर पूरे किए जाएँगे।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संयोजक प्रिय दत्त शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कैडर-आधारित और अनुशासित संगठन है, जो निरंतर सुदृढ़ता की दिशा में कार्य करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे संगठन द्वारा दिए गए प्रत्येक दायित्व को पूर्ण निष्ठा के साथ निभाएँ और 4 तारीख को होने वाले विधानसभा घेराव में भोरंज मंडल से अधिकतम संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करें।