जींद में अब तक डेंगू के 85 रोगी मिले,स्वास्थ्य विभाग हुआ सतर्क
टीमों द्वारा बीमार लोगों के खून के सैंपल लिए जा रहे हैं और इनकी जांच करवाई जा रही है। जिनकी रिपोर्ट पाजिटिव आ रही है, उनके आस-पास रहने वाले लोगों के भी खून के सैंपल लिए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि डेंगू का डंक तोड़ा जाए। इसके लिए विभाग लगातार काम कर रहा है। जिस एरिया में डेंगू का मरीज मिल रहा है, वहां पर सर्वे करवाया जा रहा है और फोगिंग करवाई जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ स्वास्थ्य निरीक्षक राममेहर वर्मा ने शुक्रवार को बताया कि मौसम में उतार-चढ़ाव के चलते डेंगू का लारवा जल्दी पनपता है, इसलिए लोगों को थोड़ी सावधानी रखनी चाहिए। इस समय ठंड ने दस्तक दे दी है। लोगों को चाहिए कि वह अपने घरों में रखे कूलरों का पानी खाली कर दें। बिना पानी के ही कूलरों को चलाएं। गमलों में पानी जमा नहीं होने दें।
सप्ताह में एक दिन ड्राई डे मनाएं। स्वास्थ्य विभाग डेंगू व मलेरिया की जांच मुफ्त करता है। विभाग की 250 से अधिक टीमें फील्ड में हैं जो लगातार फीवर मास सर्वे कर रही हैं। लोगों को लगातार मौसमी बीमारियों को लेकर जागरूक किया जा रहा है। डेंगू व मलेरिया के नोडल अधिकारी डा. बिजेंद्र ढांडा ने बताया कि विभाग को अबतक डेंगू पॉजिटिव के 85 मामले मिल चुके हैं। जहां भी डेंगू पॉजिटिव सामने आ रहे हैं, वहां स्पेशल स्क्रीनिंग करवाई जा रही है। झुग्गी झोपड़ियों, बाहरी कालोनियों, ईंट भट्ठे में स्पेशल टीमें भेजकर जागरूक किया जा रहा है।









