फतेहाबाद : पीटीएम के नाम पर अवकाश के दिन नहीं खुलेंगे स्कूल, डीईओ ने दी अंतिम चेतावनी
अधिकतर निजी स्कूलों में दूसरे शनिवार को अवकाश होता है। विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई प्राइवेट स्कूल संचालक छुट्टी के दिन पेरेंट्स-टीचर मीटिंग यानि पीटीएम के नाम पर स्कूल खोल रहे हैं और विद्यार्थियों और उनके परिजनों को स्कूल बुलाते हैं। ऐसे में शिक्षा विभाग को लगातार इस बारे शिकायतें मिल रही थी। डीईओ संगीता बिश्नोई ने खंड शिक्षा अधिकारियों को लिखे पत्र में कहा है कि अक्सर देखने में आया है कि कुछ निजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों के द्वारा राजपत्रित अवकाश वाले दिन भी स्कूल खोले जा रहे हैं जोकि नियमानुसार गलत है। कुछ अराजकीय मान्यता प्राप्त विद्यालयों के द्वारा राजपत्रित अवकाश के दिन पीटीएम का आयोजन किया जाता है, वो भी नियमानुसार गलत है। डीईओ ने पत्र में कहा कि इस बारे कार्यालय द्वारा पूर्व में कई बार आदेश जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने सभी निजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि राजपत्रित अवकाश के दिन कोई भी विद्यालय न खोला जाए। अगर कोई विद्यालय ऐसा करता पाया जाता है तो उस विद्यालय के विरूद्ध अनुशासनिक कार्यवाही की जाएगी।
जिले में 200 से ज्यादा प्राइवेट स्कूल हैं। इनमें प्राइमरी से लेकर सीनियर सेकेंडरी स्कूल तक शामिल हैं। पहले भी छुट्टी के दिन स्कूल खुले रखने के कई मामले सामने आ चुके हैं। कुछ दिन पहले हरियाणा दिवस पर रतिया की अकाल एकेडमी में सरकारी छुट्टी के दिन भी क्लासें चलती मिली थीं। प्रशासन को इसकी शिकायत मिली तो एसडीएम ने बीडीपीओ को मौके पर जांच के लिए भेजा। बीडीपीओ पहुंचे तो स्कूल में बच्चे मौजूद मिले और पढ़ाई चल रही थी। इसके बाद और सख्ती का फैसला लिया गया।
—-









