अधेड़ की हत्या मामले में आरोपित गिरफ्तार
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि फतेहपुर जिले के बिंदकी निवासी मोहम्मद सेराज 45 वर्ष पुत्र मीर बक्श लगभग 15 वर्ष से शहर के खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के अटाला महल वाली गली में किराये का कमरा लेकर रहता था। वह दो बेटे और एक बेटी एवं पत्नी रूबी का भरण—पोषण करने के लिए प्राइवेट काम करता था। वहीं मोहल्ले के रहने वाले अयास नामक व्यक्ति से दोस्ती हो गई। इस दौरान एक दूसरे के घर आने जाने लगे। शनिवार की सुबह अयास ने मो. सेराज की धारदार हथियार से वार करके घायल कर दिया। इस सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने उसे तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले गई। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस विभाग के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने मृतक के भाई मेराज की तहरीर पर मो.अयास के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करके उसकी तलाश तेज कर दी।
हालांकि देर शाम तक पुलिस टीम ने आरोपित अयास को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल कर ली। पूछताछ के दौरान मामला प्रकाश में आया कि मृतक के चरित्र पर आरोपित को शक था। जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और परिणाम स्वरूप उसने चाकू मारकर हत्या कर दी।









