छठ व्रतधारियों को बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ ने बांटे फल, सूप और पूजन सामग्री
आस्था और सेवा के संगम का अनोखा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए रविवार को बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ ने मानगो डिमना रोड स्थित दुर्गा पूजा मैदान में इस वर्ष भी ग्यारह सौ छठ व्रतधारियों के बीच फल, सूप और पूजन सामग्री का नि:शुल्क वितरण किया।
संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने कहा कि उन्हें गर्व है कि छठ मां ने उन्हें छठ व्रतधारियों की सेवा का अवसर प्रदान किया। उनके अनुसार, सभी तीर्थों से बढ़कर छठ व्रतधारियों की सेवा करना ही सच्ची उपासना है।प्रातः 10 बजे से ही श्रद्धालुओं का तांता लगने लगा था। कार्यक्रम के पूर्व पूरे मानगो क्षेत्र में एक सप्ताह पहले ही कूपन वितरित किए गए थे, साथ ही पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्रसाद लेने आने वाले लोगों से कपड़े का झोला लाने का आग्रह किया गया था।कार्यक्रम स्थल पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी आयोजित की गईं, जिनमें श्रद्धालुओं ने छठ पर्व से जुड़े पारंपरिक गीतों पर आनंद लिया। व्रतधारियों को सुप, नारियल, गागल, सेव, नासपाती, संतरा, गन्ना और पूजन सामग्री भेंट कर उनका सम्मान किया गया ताकि वे अपने पर्व को पूर्ण श्रद्धा और सुविधा से मना सकें।
सेवा शिविर में समाजसेवी विकास सिंह के साथ योगेश्वर ठाकुर, बिपिन झा, पूर्व कमिश्नर सीताराम प्रसाद, राम अवधेश चौबे, शंभूनाथ प्रसाद, नितिन चंद्र द्विवेदी, अर्जुन शर्मा, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेश सिंह, सूरज नारायण, छोटे लाल सिंह, जयराम मिश्रा, किशोर बर्मन, संदीप शर्मा सहित कई अन्य लोग सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।









