अब थमेगी बारिश की गतिविधियां, गुलाबी सर्दी की होगी आहट
मौसम विभाग के अनुसार जयपुर में दिनभर छितराए व काले बादल नजर आए। सांगानेर व उसके आस-पास कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। जयपुर के दिन के तापमान में 5 डिग्री का उछाल तो वहीं रात के पारे में 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री दर्ज किया गया। सांगानेर में 0.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। जयपुर के अलावा संगरिया, अजमेर सहित कुछ अन्य स्थानों पर बारिश हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 8 अक्टूबर से आगामी एक सप्ताह के दौरान राज्य के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहेगा। सोमवार को बीकानेर, चूरू, नागौर, जयपुर, झुंझुनू, करौली, सवाई माधोपुर, सीकर, धौलपुर, व दौसा जिलों में कहीं-कहीं भारी व अतिभारी बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक बारिश डीडवाना कुचामन में 131 मिलीमीटर दर्ज हुई है।









