ओसाका वर्ल्ड एक्सपो में हरियाणा पवेलियन बना आकर्षण का केंद्र

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में वैश्विक औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जापान के दौरे पर गए उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को वर्ल्ड एक्सपो-2025 में हरियाणा पवेलियन का भ्रमण किया। पैवेलियन में हरियाणा की ग्रामीण संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहर, औद्योगिक प्रगति और आधुनिक विकास यात्रा को वी.आर. (वर्चुअल रियलिटी) टेक्नोलॉजी के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है। जापान के लोग इस तकनीक की मदद से हरियाणा के ऐतिहासिक स्थलों और पुरातात्विक स्थलों का वर्चुअल अनुभव लेकर हरियाणा की भूमि के वैभव और विविधता से रूबरू हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विजिटर बुक में लिखा कि भारत मंडपम में भारत की प्रगति और संभावनाओं को इतनी खूबसूरती से प्रदर्शित होते देख गर्व महसूस हो रहा है। यहां की प्रदर्शनी वास्तव में विकसित भारत की भावना और हमारे सतत व नवाचार पूर्ण भविष्य की यात्रा को दर्शाती है। हरियाणा इस राष्ट्रीय दृष्टिकोण में अपना पूरा योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है। हरियाणा पैवेलियन में प्रदर्शित वेशभूषा, हस्तशिल्प, लोक नृत्य, मिट्टी की कलाकृतियां और पारंपरिक संगीत ने जापानी दर्शकों को खासा प्रभावित कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने हरियाणा की पारंपरिक पोशाकें पहनकर फोटो सेशन किए और ‘घूमर’ व ‘फाग’ जैसे लोकनृत्यों पर झूमते हुए हरियाणवी संस्कृति के रंगों का आनंद लिया।