कावड़ मेले में गंगाजल लेने हरिद्वार आए 35 कांवडिए वापस नहीं पहुंचे घर
श्रावण मास में करीब एक पखवाड़े तक चले कावड़ मेले में तीर्थ नगरी हरिद्वार कांवड़ियों से शिवमय हो गई थी। 23 जुलाई को शिव चतुर्दशी पर जलाभिषेक के साथ कावड़ मेला पूर्ण हो गया था। लेकिन कई कांवड़ यात्री लगभग एक महीना गुजरने के बाद भी अपने घर नहीं लौटे हैं। दिल्ली, हरियाणा, यूपी सहित अन्य राज्यों के ऐसे लगभग 35 कांवड़ियों की गुमशुदगी नगर कोतवाली, ज्वालापुर कोतवाली, कनखल थाना, रुड़की कोतवाली तथा मंगलौर कोतवाली में दर्ज की गई है। इन लापता कांवड़ियों के परिजन बार-बार हरिद्वार आकर उनके मिलने की उम्मीद में पुलिस से पूछताछ कर रहे हैं।
हरिद्वार के पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि कावड़ लेकर वापस गंतव्य पर न पहुंचने वाले कांवड़ियों के परिजन पुलिस थानों व अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने कहा पुलिस लापता कांवड़ियों का पूरा विवरण प्राप्त करने के साथ गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश का हर संभव प्रयास कर रही है।









