सोनीपत: महिलाओं पर अपराध बढ़े सरकार मूकदर्शक बनी:अभय चौटला
दिवस रैली का निमंत्रण
सोनीपत, 20 अगस्त । इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ने कहा कि 25 सितंबर को रोहतक
में होने वाली सम्मान दिवस रैली देश की सबसे बड़ी रैली होगी। लाखों लोग पूर्व उपप्रधानमंत्री
ताऊ देवीलाल की जयंती पर एकत्रित होंगे। बुधवार को खरखौदा हलके की जनसभा में चौटाला ने कहा कि कार्यकर्ताओं
का उत्साह देखने लायक है। वह प्रदेश के सभी 90 हलकों में जाकर लोगों को न्यौता दे रहे
हैं। उन्होंने कहा कि ताऊ देवीलाल ने बुजुर्गों को पेंशन दी, किसानों की आवाज उठाई
और हर वर्ग के लिए नीतियां बनाईं।
इनेलो ने हमेशा उन्हीं नीतियों पर चलते हुए आमजन
का साथ दिया है। चौटाला ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था
चौपट है, जनता असुरक्षित है। महिलाओं पर अपराध बढ़े हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई
है। विपक्ष की भूमिका में कांग्रेस भी पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कटाक्ष किया कि भाजपा की तीसरी बार जीत के लिए कांग्रेस
जिम्मेदार है। हुड्डा एंड पार्टी ने ही भाजपा को परोक्ष लाभ पहुंचाया। अब प्रदेश की
जनता सत्ता परिवर्तन का मन बना चुकी है।
चौटाला ने कहा कि पदाधिकारी गांव-गांव जाकर
हर व्यक्ति को रैली का न्यौता दें। विधानसभा सत्र में काम रोको प्रस्ताव पर पूरे दिन
चर्चा होनी चाहिए और जलभराव से प्रभावित किसानों को 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा
मिले। सभा में युवाओं ने उनका फूलों की माला से स्वागत किया। प्रदेशाध्यक्ष रामपाल
माजरा और अन्य नेताओं ने भी रैली को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि
किसान, मजदूर और आमजन भाजपा सरकार से परेशान हैं और इनेलो को सत्ता में लाने का मन
बना चुके हैं। इनेलो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शीला नफे सिंह राठी कपूर सिंह राठी,
जिला अध्यक्ष कुणाल गहलावत आदि शामिल रहे।









