jh-dc-meeting-social-devopment

लोगों को दिलाएं कल्याण विभाग की योजनाओं का लाभ : उपायुक्त

खूंटी, 22 अप्रैल । समाहरणालय स्थित सभागार में बुधवार को उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, केंद्र भवनों की स्थिति तथा वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। साथ ही एमटीसी केंद्र के संचालन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभुकों की संख्या, टीएचआर वितरण, पोषण ट्रैकर में आधार मैपिंग और पोषण वाटिका सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समाज कल्याण विभाग की सभी योजनाओं का लाभ योग्य लाभुकों तक समय पर और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने विशेष रूप से ऐसे लाभुकों की पहचान करने को कहा, जो आधार कार्ड या जन्म प्रमाण पत्र के अभाव में योजनाओं से वंचित रह जा रहे हैं।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि ऐसे सभी लाभुकों के लिए प्रखंड स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ मिल सके।

बैठक में परियोजना निदेशक सह प्रभारी उप विकास आयुक्त आलोक शिकारी कच्छप, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सीडीपीओ, एलएस सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।