uk-portals-tunganath

जयघोष के बीच खुले तृतीय केदार तुंगनाथ धाम के कपाट

रुद्रप्रयाग, 22 अप्रैल । भक्ति और आस्था के माहौल में पंचकेदारों में प्रमुख तुंगनाथ मंदिर के कपाट बुधवार को विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। ॐ नमः शिवाय के उद्घोष के बीच कपाट खुलने के समय 500 से अधिक श्रद्धालु मौजूद रहे।

करीब 12,073 फीट की ऊंचाई पर स्थित इस तृतीय केदार धाम को कपाट खुलने के अवसर पर पांच क्विंटल से अधिक फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। कपाट उद्घाटन से पूर्व मैठाणी पुजारियों की ओर से बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अधिकारियों की उपस्थिति में विशेष पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। इसके बाद भगवान तुंगनाथ के स्वयंभू शिवलिंग को समाधि से जागृत कर शृंगार किया गया और जलाभिषेक के साथ दर्शन प्रारंभ हुए।

इससे पहले भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह डोली चोपता से मंदिर पहुंची, जहां परिक्रमा के बाद पार्वती मंदिर में विराजमान हुई। परंपरानुसार पुष्प और अक्षत अर्पित कर शिवलिंग को जागृत किया गया। कपाट खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।

इस अवसर पर पूर्व विधायक मनोज रावत, जिला पंचायत सदस्य प्रीति पुष्पवाण, कथावाचक आचार्य लंबोदर प्रसाद मैठाणी, नव निर्वाचित मठाधीश मुकेश मैठाणी, पूर्व मठापति रामप्रसाद मैठाणी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

—-