बाजार जाने के लिए दो दिन पहले घर से निकले अधेड़ का तालाब से मिला शव
शव की पहचान कसवाखाड़ पंचायत के रोल गांव के मुखलाल उर्फ मुखदेव उरांव ( 52) के रूप में हुई है। मृतक के परिजन ने बताया कि रविवार दोपहर में घर से बाजार के लिए कह कर निकले थे, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटे तो काफी खोजबीन की गई, लेकिन कुछ भी अता-पता नहीं चल सका था। मंगलवार को उनका शव घोरीघाट बाजार के तालाब में पड़े रहने की जानकारी हुई।
थाना प्रभारी का कहना है कि प्रथम दृष्टया नशे की हालत में तालाब में डूब जाने से मौत की आशंका जताई जा रही है। मृतक हमेशा शराब का सेवन करता था। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मेदिनीनगर भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर नावाजयपुर थाना के एसआई संतोष कुमार दास, एएसआई बुद्धदेव उरांव, थाने के चौकीदार, कसवाखाड़ पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि हरेंद्र सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।









