(संशोधित) दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की छठी पुण्यतिथि पर राजनेताओं ने दी श्रद्धांजलि

दिल्ली की वर्तमान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शीला दीक्षित को याद करते हुए एक्स पर लिखा, “दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती शीला दीक्षित जी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि।”
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि शीला दीक्षित का दिल्ली के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने मेट्रो नेटवर्क का विस्तार, परिवहन व्यवस्था और हरियाली बढ़ाने जैसे कई कार्य किए, जिनके कारण दिल्ली आज एक आधुनिक शहर बन पाई है।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि शीला दीक्षित का दृष्टिकोण और कांग्रेस विचारधारा के प्रति निष्ठा सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने शीला दीक्षित को एक दूरदर्शी प्रशासक और संवेदनशील नेता बताया। जबकि कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद शक्ति सिंह गोहिल ने शीला दीक्षित को आधुनिक दिल्ली की निर्माता और मानवता की मिसाल बताया। उन्होंने याद किया कि कैसे शीला दीक्षित ने गुजरात के कच्छ में भूकंप के दौरान गांव गोद लेकर सहायता की थी।
हिसार से पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह ने उनके नगरीय ढांचे, स्वास्थ्य सेवाओं और परिवहन के क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना की, तो कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक ने भावुक शब्दों में कहा कि शीला दीक्षित दिल्लीवासियों के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगी। उन्होंने लिखा कि उनके साथ ही वह सरपरस्ती भी चली गई, जिसकी वजह से दिल्लीवासी बेफिक्र महसूस करते थे।
कांग्रेस नेता अलका लांबा ने शीला दीक्षित को महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बताते हुए उन्हें आधुनिक दिल्ली की शिल्पकार करार दिया और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
भाजपा सांसद और दिल्ली के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने भी शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि दी और उन्हें याद किया।मनोज तिवारी ने कहा कि 2019 के चुनावों में आमने-सामने होने के बावजूद दोनों नेताओं ने मर्यादा नहीं तोड़ी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने भी शीला दीक्षित को याद करते हुए कहा कि लोकतंत्र की यही खूबी है कि मतभेदों के बावजूद मनभेद नहीं होते। उन्होंने शीला दीक्षित के सौम्य व्यवहार की सराहना की।
आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने भी शीला दीक्षित को उनकी पुण्यतिथि पर नमन किया।