चाकुलिया में दो बाइक की टक्कर में चार युवक घायल

चाकुलिया में दो बाइक की टक्कर में चार युवक घायल

पूर्वी सिंहभूम, 5 जुलाई (हि.स.)। चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में शनिवार को तेज रफ्तार बाइक की आमने-सामने टक्कर में चार युवक घायल हो गए। हादसा हवाई पट्टी से रेलवे अंडरपास की ओर जाने वाली सड़क पर पुराना पीएचईडी कार्यालय के समीप हुआ।

माचाडीहा गांव के तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर चाकुलिया बाजार जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि माचाडीहा निवासी गुराई मांडी और श्याम मांडी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथ बैठे तीसरे युवक को मामूली चोटें आईं।

वहीं दूसरी बाइक पर सवार दीपक कुमार को भी पैर और कंधे में चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सभी घायलों को चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां डॉ. स्वाति कुमारी ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे के पीछे सड़क पर बने अंधा मोड़ और दोनों बाइकों की तेज गति मुख्य कारण हो सकते हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

—————