गुना : सूर्य नमस्कार एवं वैदिक मंत्रों का सामूहिक पाठ

गुना : सूर्य नमस्कार एवं वैदिक मंत्रों का सामूहिक पाठ

गुना, 6 जून (हि.स.)। भारत विकास परिषद द्वारा शहर के मॉर्डन चिल्ड्रन स्कूल में आयोजित हो रहे बाल संस्कार शिविर में प्रतिदिन कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को संस्कारित करने के साथ उनके सर्वागीण विकास का प्रयास भी हो रहा है। शुक्रवार को शिविर का छठवां दिन रहा। प्रतिदिन की तरह शिविर का शुभारंभ कार्यक्रम संयोजकऋषिकेश भार्गव की उपस्थिति में माँ सरस्वती जी की वंदना से हुआ। इसके उपरांत बच्चों द्वारा सूर्य अर्क अर्पण, योग अभ्यास, सूर्य नमस्कार तथा वैदिक मंत्रों का सामूहिक पाठ किया गया।

पर्यावरण जागरुकता सत्र में आनंद कृष्णानी ने बच्चों से संवाद करते हुए प्लास्टिक प्रदूषण जैसे गंभीर विषय को सरल तरीके से समझाया। उन्होंने बच्चों को एक सुझाव दिया कि प्लास्टिक कचरे को एक खाली बोतल में भरकर सुरक्षित रूप से एकत्रित किया जाए। उन्होंने यह भी समझाया कि यदि प्लास्टिक घर में आ भी जाए तो उसका सही निस्तारण कैसे किया जाए। इस दौरान उन्होने बच्चों को इस नियम का अपने घर मेंं पालन करने के साथ ही स्वच्छता का संकल्प दिलाया।

शिविर का समापन कल 7 जून को पूर्ण वैदिक रीति से होगा। इस दौरान वैदिक हवन होगा। जिसमें बच्चों के साथ उनके माता-पिता भी आहुतियाँ अर्पित करेंगे, वहीं बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी जाएँगी।

—————