कांग्रेस नेता राहुल गांधी का चंडीगढ़ का दौरा कल, जिला अध्यक्षों की नियुक्ति पर हाेगी चर्चा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी का चंडीगढ़ का दौरा कल, जिला अध्यक्षों की नियुक्ति पर हाेगी चर्चा

हुड्डा, सैलजा व सुरजेवाला समेत 17 कांग्रेस नेताओं से होगी अलग वार्ता

चंडीगढ़, 3 जून (हि.स.)। हरियाणा कांग्रेस में नेताओं की आपसी गुटबाजी के चलते एक दशक से राज्य में सांगठनिक कमेटी का गठन नहीं हो सका है। अब राहुल गांधी हरियाणा कांग्रेस में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति करवाने के लिए मैदान में उतर रहे हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार को चंडीगढ़ आ रहे हैं। राहुल गांधी के स्वागत को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।

बुधवार को राहुल गांधी लगभग साढ़े तीन घंटे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचेंगे। सुरक्षा की दृष्टि से चंडीगढ़ पुलिस ने मौका मुआयना भी किया। वहीं दूसरी ओर, राहुल गांधी की सिक्योरिटी के चलते केन्द्रीय और खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट पर हैं। राहुल गांधी पहली बैठक में प्रदेश कांग्रेस के 17 वरिष्ठ नेताओं के साथ उनकी बातचीत करेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में जिलाध्यक्षों के चयन को लेकर अपनाए जाने वाले फार्मूले पर ही मोटे तौर पर चर्चा होगी। पार्टी नेतृत्व ने प्रदेश के 22 जिलों के लिए विभिन्न राज्यों के 21 नेताओं को केन्द्रीय पर्यवेक्षक बनाकर हरियाणा में भेजा है।

इसी तरह से हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से 69 प्रदेश पर्यवेक्षक और 8 सहायक पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं।

पूर्व सांसद, पूर्व विधायकों के अलावा लोकसभा व विधानसभा चुनाव लड़ चुके नेताओं को यह जिम्मेदारी मिली है। बैठक में राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल, हरियाणा मामलों के प्रभारी बीके हरिप्रसाद व दोनों सह-प्रभारी भाग लेंगे। माना जा रहा है कि ये नेता राहुल की दोनों ही बैठकों में शामिल रहेंगे।

चंडीगढ़ के सेक्टर-9बी स्थित कोठी नंबर-140 में कांग्रेस मुख्यालय में दो मुख्य द्वार हैं। राहुल के दौरे के दौरान एक गेट पूरी तरह से बंद रहेगा। दूसरे गेट से राहुल गांधी की एंट्री होगी। राहुल गांधी इसी गेट से मुख्यालय में प्रवेश करेंगे और मीटिंग हॉल में जाएंगे। यह रास्ता पूरी तरह से खाली रहेगा ताकि किसी तरह की रुकावट ना आए। बताया गया है कि सुरक्षा के दृष्टिगत ही यह निर्णय लिया गया है। अपने करीब साढ़े तीन घंटे के चंडीगढ़ प्रवास के दौरान राहुल गांधी कुल 115 नेताओं के साथ बैठक करेंगे। बैठक दो चरणों में होगी। पहले चरण में वे प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बातचीत करेंगे। इसके बाद वे 21 केंद्रीय पर्यवेक्षकों तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नियुक्त किए गए 77 राज्य के पर्यवेक्षकों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद राहुल गांधी चंडीगढ़ एयरपोर्ट से सीधे नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

—————