ट्रक और हाईवा की जोरदार टक्कर में चार लोग घायल

ट्रक और हाईवा की जोरदार टक्कर में चार लोग घायल

कोडरमा, 1 जून (हि.स.)। कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची-पटना मुख्य मार्ग के कोडरमा घाटी जामसोती नाला के पास रविवार की सुबह ट्रक और हाईवा की जोरदार टक्कर हो गई। इसमें ट्रक और हाईवा के चालक एवं उपचालक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार उक्त हाईवा में डोमचांच से गिट्टी लोड कर कोडरमा घाटी के रास्ते बिहार ले जाया जा रहा था, इसी दौरान कोडरमा घाटी में विपरीत दिशा से आ रही गेहूं लोड एक ट्रक से हाईवा टकरा गई। इसमें दोनों गाड़ियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक के चालक और उपचालक तथा हाईवा के उपचालक को बाहर निकाल लिया गया।

वहीं हाईवा का चालक केबिन में ही फंस गया। घटना की जानकारी मिलते ही कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद हाईवा के चालक को बाहर निकाला।

वहीं सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से कोडरमा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में नवादा (बिहार) निवासी हाईवा चालक अनुज कुमार (25) तथा हाईवा के उपचालक प्रमोद कुमार (26) व बनासो (हजारीबाग) निवासी ट्रक के चालक महेंद्र यादव (42) व बेको (गिरिडीह) निवासी उपचालक नीरज यादव (22) शामिल हैं।

थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि दुर्घटना के बाद घायलों को ट्रक से सुरक्षित निकाल लिया गया है। सभी को सदर अस्पताल भेज दिया गया है। सदर मे इलाज करके गंभीर देखते हुए अनुज कुमार को रिम्स रेफर कर दिया गया।

—————