आशा गोयल की हत्या की एसआईटी गठन कर हो जांच : सेठ

आशा गोयल की हत्या की एसआईटी गठन कर हो जांच : सेठ

रांची, 17 मई (हि.स.)। तीन दिनों पूर्व सिमडेगा शहर में दिनदहाड़े आशा गोयल की हत्या को लेकर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने राज्य सरकार से इसकी उच्चस्तरीय जांच करने की मांग की है।

इस संबंध में जारी एक बयान में रक्षा राज्य मंत्री सेठ ने कहा है कि आशा गोयल अपने घर में अकेले रहती थी और दिनदहाड़े उनकी गला रेतकर निर्मम हत्या की गई। घटना के चार दिन बाद भी अब तक इसका खुलासा नहीं हो पाया है, जो कहीं ना कहीं गंभीर प्रश्न खड़े करता है।

रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि सिमडेगा शहर में दिनदहाड़े घर में घुसकर निर्मम हत्या की घटना से आम नागरिक दहशत में है। उन्होंने राज्य सरकार से मामले को लेकर एसआईटी का गठन करने और इसकी उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच करने की मांग की। साथ ही उन्होंने दोषियों पर अविलंब ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

उन्होंने पुलिस से घटना के पीछे के कारणों का भी उद्वेदन करने को कहा। सेठ ने उस क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा की गारंटी सुनिश्चित करने की अपील सरकार से की।

—————