सीज फायर के बाद : जाेधपुर में पांच दिन की छुट्टी के बाद खुले स्कूल-कॉलेज, रौनक लौटी
सीज फायर के बाद : जाेधपुर में पांच दिन की छुट्टी के बाद खुले स्कूल-कॉलेज, रौनक लौटी
एयरपोर्ट पर शुरू नहीं हो सका विमानों का संचालन, दो दिन बाद फ्लाइट की संभावना
जोधपुर, 13 मई (हि.स.)। भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर के बाद पश्चिमी सरहदी जिलों में अब सब कुछ सामान्य होता जा रहा है। मंगलवार को जोधपुर जिले में सभी स्कूल-कॉलेज खुल गए। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार पूर्व में घोषित समस्त राजकीय, गैर-राजकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, निजी कोचिंग संस्थानों व आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश संबंधी आदेश सोमवार को रद्द कर दिया था। इसके बद मंगलवार को स्कूलों में चहल पहल लौट आई। हालांकि जोधपुर एयरपोर्ट से आज दूसरे दिन भी विमानों का संचालन शुरू नहीं हो पाया है।
भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर के बाद जोधपुर में हालात सामान्य हो गए हैं। यहां शनिवार रात को ब्लैकआउट किया गया था। उसके बाद अभी तक ब्लैक आउट नहीं किया गया है। सामान्य होती परिस्थितियों के बीच जिला प्रशासन के आदेश पर आज से सभी शैक्षणिक गतिविधियां पुन: प्रारंभ हो गई। आज से सभी सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और कोचिंग सेंटर की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। आठ मई से सभी स्कूल-कॉलेज पूरी तरह से बंद थे। जिला कलेक्टर ने सोमवार को शैक्षणिक संस्थान खोलने के संबंध में आदेश जारी किए थे। वही रेलवे की ट्रेनें भी तय शेड्यूल से चल रही हैं।
जेएनवीयू की परीक्षाएं 15 मई से :
जेएनवीयू के विभिन्न पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं 15 मई से फिर से शुरू होगी। ये परीक्षाएं पूर्व में जारी समय सारणी के अनुसार यथावत होंगी। विवि की ओर से 9 से 14 मई तक स्थगित की गई परीक्षाओं की संशोधित समय सारणी अलग से जारी की जाएगी। स्थगित परीक्षाओं की समय सारणी शीघ्र ही विश्वविद्यालय की अधिकृत वेबसाइट पर जारी होगी। सभी परीक्षाएं पूर्व निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर ही होगी।
दो दिन बाद से फ्लाइट की उम्मीद की संभावना :
भारतीय हवाईअड्डा प्राधिकरण ने एक दिन पहले भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के चलते 15 मई तक बंद किए गए सीमावर्ती शहरों के एयरपोर्ट वापस शुरू करने की एडवाइजरी जारी की थी। इसके बाद भी जोधपुर एयरपोर्ट से अभी तक कोई फ्लाइट शुरू नहीं हो पाई है। ऑपरेशन सिंदूर के तहत सीजफायर के बाद सोमवार रात करीब नौ बजे एयर इंडिया ने जोधपुर सहित अन्य शहरों की अपने फ्लाइट्स नियमित रूप से शुरू करने की घोषणा की। इसके लिए बुकिंग शुरू करने की जानकारी भी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर की। हालांकि मंगलवार सुबह करीब तीन बजे एयर इंडिया ने वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जोधपुर सहित अन्य शहरों की फ्लाइट मंगलवार के लिए फिर रद्द करने की घोषणा कर दी। एयर इंडिया ने सुबह तीन बजे प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि ताजा परिवर्तन और आपकी सुरक्षा को देखते जम्मू, लेह, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट की उड़ानें 13 मई के लिए रद्द कर रहे हैं। एयर इंडिया की तरह ही सोमवार देर रात को इंडिगो ने भी अपनी एडवाइजरी जारी की है, जिसमें अमृतसर सहित अन्य शहरों से फ्लाइट 13 मई को ऑपरेट नहीं करने की बात कही। इस एडवाइजरी में जोधपुर का नाम शामिल नहीं है, लेकिन इसके बाद भी इंडिगो की दिल्ली से जोधपुर और जोधपुर से दिल्ली के लिए कोई फ्लाइट नहीं बताई गई।
सीमावर्ती बाड़मेर से मुनाबाव के लिए चली ट्रेन :
सीमावर्ती जिले बाड़मेर में रेलवे का संचालन सुचारू हो गया है। बाड़मेर से मुनाबाव के बीच चलने वाली ट्रेन एक बार फिर से शुरू हो गई। ट्रेन बाड़मेर से अपने निर्धारित समय सुबह सवा दस बजे रवाना हुई। मुनाबाव बाड़मेर बॉर्डर का आखिरी रेलवे स्टेशन है। अब धीरे-धीरे हालात सामान्य हो गए हैं। बंद की गई सभी ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है।









