प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान को मुहतोड़ जवाब देकर विपक्ष का किया मुहबंद, साय सरकार सुशासन तिहार मना रही : केदार कश्यप

प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान को मुहतोड़ जवाब देकर विपक्ष का किया मुहबंद, साय सरकार सुशासन तिहार मना रही : केदार कश्यप

जगदलपुर, 7 मई (हि.स.)। वनमंत्री केदार कश्यप क्षेत्रीय प्रवास पर हैं, जहां उन्होंने नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के बस्तर विकास खंड में आज बुधवार काे 52 लाख रूपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि पहलगाम कि घटना हमारे देश के लिये दुःखद घटना थी। पूरे देश को इस घटना ने झकझोर कर रख दिया था। लेकिन आज जिस प्रकार से शक्तिशाली नेतृत्व के कारण देश हर स्तर पर मज़बूत हुआ है, उसका ही परिणाम है कि पाकिस्तान पर हमारे देश के वीर योद्धाओं ने ऑपरेशन सिन्दूर के माध्यम से पाकिस्तान को मुंह तोड़ जवाब दिया है। इस जवाब ने विपक्ष के मुंह को बंद कर दिया है। आज पूरा देश प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व क्षमता का तारीफ कर रहा है। मोदी ने एक बार फिर यह साबित किया है कि हम घर में घुस कर मारेंगे।

वनमंत्री केदार कश्यप ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बस्तर के विकास के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की भाजपा सरकार संकल्पित है। हमारे देश के प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को विकसित प्रदेश बनाने का हमारा सपना अब साकार होने लगा है। उन्होंने कहा कि विष्णुदेव साय सरकार नियद नेल्ला नार जैसे महत्वपूर्ण योजनाओं के माध्यम से बस्तर के दुरस्थ क्षेत्रों में मूलभुत अवश्यकताओं को पूरा कर रही है। हमारी सरकार ने आज नक्सलवाद को बस्तर से समाप्त करने का कठोर कदम उठाया है और आज परिणाम सबके समक्ष है बस्तर से नक्सलवाद समाप्त होता दिख रहा है। बस्तर नक्सल मुक्त और विकास के मार्ग में आगे बढ़ रहा है। वनमंत्री केदार कश्यप ने आज नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा मंडल भानपुरी के ग्राम सोरगांव, तूरपुरा एवं केशरपाल में विभिन्न विकासकार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को सौगात समर्पित किया।

इस दाैरान जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोष बघेल, जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रवीण सांखला, विजय पांडेय, ख़ितेश मौर्य, गौरव कश्यप सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण एवं भाजपा पदाधिकारीगण व अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।

—————